पौड़ी

पाली लंगूर में मिला ऐतिहासिक शिलालेख, हेरिटेज म्यूजियम में होगा संरक्षित

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर पुरातत्व विभाग ने किया निरीक्षण, 1905 के आसपास का माना जा रहा शिलालेख

पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड द्वारीखाल स्थित प्राथमिक विद्यालय पाली लंगूर (डाडामंडी) में ऐतिहासिक महत्व के शिलालेख मिलने का मामला सामने आया है। विद्यालय परिसर में इन अभिलेखों के मिलने से क्षेत्र में उत्सुकता का माहौल है और इसे एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक खोज के रूप में देखा जा रहा है।

विद्यालय के शिक्षक द्वारा इस संबंध में जानकारी जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया को दी गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पुरातत्व विभाग को मौके पर निरीक्षण के निर्देश दिए।

निर्देशों के क्रम में प्रभारी जिला पुरातत्व अधिकारी अनिल बिष्ट के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम विद्यालय पहुंची, जिसमें कनिष्ठ अभियंता अनिल नेगी भी शामिल थे। टीम ने शिलालेखों का प्रारंभिक निरीक्षण किया और उन्हें सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में लेकर विस्तृत जांच के लिए पौड़ी ले जाया गया।

प्रारंभिक जांच में शिलालेख पर तत्कालीन वायसराय लार्ड कर्जन का उल्लेख मिलने की बात सामने आई है, जिससे इसका कालखंड वर्ष 1905 के आसपास का माना जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, उस समय इस स्थान पर एक विद्यालय स्थापित किया गया था, जहां संभवतः अध्यापकों के प्रशिक्षण की भी व्यवस्था थी। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यह स्थल गढ़वाल क्षेत्र के शुरुआती शिक्षक प्रशिक्षण केंद्रों में से एक हो सकता है।

जिलाधिकारी ने बताया कि शिलालेखों की ऐतिहासिकता और प्रामाणिकता की जांच विशेषज्ञों द्वारा कराई जा रही है। पुष्टि होने पर यह खोज गढ़वाल के शैक्षिक इतिहास की एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो सकती है।

उन्होंने यह भी कहा कि इन शिलालेखों को भविष्य में निर्माणाधीन कलेक्ट्रेट हेरिटेज म्यूजियम में सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि आमजन क्षेत्र के समृद्ध इतिहास से परिचित हो सकें।

इस खोज को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की पुरातात्विक वस्तु मिले तो उसे सुरक्षित रखते हुए तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *