घंडियाल में तहसील दिवस: 95 शिकायतों में अधिकांश का मौके पर निस्तारण, पेयजल-स्वास्थ्य-वन्यजीव मुद्दों पर सख्त निर्देश
पौड़ी। तहसील पौड़ी के ग्राम घंडियाल में आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कुल 95 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, आजीविका, वन्यजीव नियंत्रण एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के साथ आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया और विभागीय समन्वय, जवाबदेही व स्थायी समाधान पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने बताया कि तहसील पौड़ी जनपद की सबसे बड़ी तहसील होने के कारण दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से घंडियाल में तहसील दिवस आयोजित किया गया। इस पहल से लोगों को छोटी समस्याओं के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और मौके पर ही समाधान संभव होगा।
इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर सहकारिता, बाल विकास, कृषि, पशुपालन, शिक्षा, समाज कल्याण सहित अन्य योजनाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में वंदना को महालक्ष्मी किट, जबकि शिवांश, इशिका एवं जयश्री को नेमप्लेट वितरित कर प्रोत्साहित किया गया।
पेयजल समस्याओं पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने अनीता रावत की शिकायत पर तत्काल जेई को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। देवल, भेडुली और धारी गांवों में पेयजल आपूर्ति की समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही जल जीवन मिशन से वंचित योजनाओं का शीघ्र आकलन कर उन्हें प्राथमिकता से शामिल करने को कहा गया।
वन्यजीवों के बढ़ते खतरे को देखते हुए बेडगांव में सोलर लाइट लगाने तथा प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सुतार गांव में फसलों की सुरक्षा के लिए घेराबंदी प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
घंडियाल बाजार में पार्किंग समस्या के समाधान हेतु पॉकेट पार्किंग विकसित करने के लिए भूमि चिन्हीकरण के निर्देश दिए गए। वहीं विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को जिला योजना में प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए सीएचसी घंडियाल में दवाओं की उपलब्धता, सोलर स्ट्रीट लाइट, भवन सुदृढ़ीकरण एवं एक्स-रे सुविधा जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए।
तहसील दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे समस्याओं के त्वरित समाधान का मार्ग प्रशस्त हुआ।
सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
