पौड़ी

घंडियाल में वीर पुरिया नैथानी स्मारक का डीएम ने किया निरीक्षण, विकास व प्रचार-प्रसार के दिए निर्देश

पौड़ी। घंडियाल में आयोजित तहसील दिवस के दौरान स्थानीय लोगों के आमंत्रण पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कल्जीखाल क्षेत्र स्थित वीर पुरिया नैथानी स्मारक एवं सामुदायिक केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्मारक के संरक्षण, वहां संचालित गतिविधियों एवं स्थानीय सहभागिता की जानकारी लेते हुए इसके समग्र विकास पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पर्यटन अधिकारी को स्मारक पर वीर पुरिया नैथानी के योगदान के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु पट्टिका एवं साइनेज लगाए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आगंतुकों को वीर पुरिया नैथानी के जीवन, शौर्य और बलिदान की जानकारी देने के लिए सूचना पट्ट स्थापित किए जाएं तथा फोटो प्रदर्शनी को और अधिक प्रभावी व आकर्षक बनाया जाए। आवश्यकता पड़ने पर शासन स्तर से हरसंभव सहयोग देने का भी आश्वासन दिया गया।

उन्होंने संरक्षण समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे ऐतिहासिक स्थलों का विकास कर नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ना आवश्यक है। साथ ही स्मारक को एक आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक केंद्र तथा सामुदायिक केंद्र को कौशल विकास, प्रशिक्षण और जनजागरूकता गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने पर जोर दिया।

समिति के संरक्षक डॉ. सतीश नैथानी ने स्थानीय युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए पर्यटन और आयवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई, जिससे क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ सकें।

इस अवसर पर कर्नल आनंद थपलियाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला पर्यटन एवं विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *