द्वारीखाल: चारापत्ती लेने गई महिला पर भालू का हमला, गंभीर रूप से घायल
द्वारीखाल (पौड़ी गढ़वाल)। ब्लॉक के ग्राम च्वरा में जंगल गई एक महिला पर भालू ने हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 56 वर्षीय भूमा देवी, पत्नी स्वर्गीय नेत्र सिंह नेगी, मंगलवार सुबह रोजमर्रा की तरह जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।

महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए उन्हें भालू के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले 7 फरवरी को भी इसी गांव में भालू के हमले में एक अन्य महिला घायल हो चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
