पौड़ी

बोर होल पद्धति’ से महिलाओं को मिलेगा रोजगार, पौड़ी में जल्द शुरू होगा लीसा विदोहन कार्य

‘पौड़ी गढ़वाल। ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और वन आधारित आजीविका को सुदृढ़ करने की दिशा में गढ़वाल वन प्रभाग, पौड़ी द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में कंडोलिया वन पंचायत क्षेत्र में ‘बोर होल पद्धति’ से लीसा विदोहन हेतु महिलाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पौड़ी, खिर्सू एवं कोट विकासखंड की विभिन्न महिला समूहों की लगभग 60 से 70 महिलाओं ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को लीसा विदोहन की आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी गई। साथ ही बोर होल पद्धति के सुरक्षित उपयोग एवं उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, जिससे वे इस कार्य को स्वयं करने में सक्षम बन सकें।

डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि बोर होल पद्धति पारंपरिक तरीकों की अपेक्षा अधिक सुरक्षित, प्रभावी एवं वन संरक्षण के अनुकूल है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं के माध्यम से वन विभाग एवं ग्राम पंचायत द्वारा चिन्हित स्थलों पर शीघ्र ही लीसा विदोहन कार्य प्रारंभ किया जाएगा, जिससे महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होगा तथा उनकी आय में वृद्धि होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि महिला समूहों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से वन पंचायतों में क्लस्टर लेवल फेडरेशन के माध्यम से इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तार किया जा रहा है, ताकि अधिकाधिक महिलाओं को लाभान्वित किया जा सके।

जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार ने विभागीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि बमठी गांव में इस पद्धति से कार्य प्रारंभ होने के बाद सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जो अन्य क्षेत्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी आयशा बिष्ट, वन क्षेत्राधिकारी नक्षत्र शाह, खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, क्षेत्र पंचायत सदस्य यशोदा नेगी सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं महिला समूहों की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *