पौड़ी

एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, 15 टीमों का औचक निरीक्षण; अवैध उपयोग पर जुर्माना

पौड़ी गढ़वाल। जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में पूर्ति विभाग द्वारा 15 प्रवर्तन टीमों के माध्यम से व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों एवं विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार को कुल 39 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 07 गैस गोदाम और 32 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल हैं।

धुमाकोट-नैनीडांडा क्षेत्र में 12 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान 02 स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध उपयोग पाया गया, जिस पर 4600 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।

इसके अतिरिक्त कोटद्वार और पौड़ी क्षेत्र में 02-02 गैस गोदामों का निरीक्षण किया गया। सतपुली क्षेत्र में 01 गैस गोदाम और 12 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, नौगांवखाल/पोखड़ा क्षेत्र में 01 गैस गोदाम एवं 08 प्रतिष्ठानों तथा थलीसैंण क्षेत्र में 01 गैस गोदाम की जांच की गई।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने और अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक एवं अन्य विभागीय कार्मिक मौजूद रहे।

– सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *