पौड़ी

समय से पहले सड़कों का निर्माण: पौड़ी में ग्रामीण संपर्क मार्गों से बदली तस्वीर

पौड़ी गढ़वाल। जनपद पौड़ी गढ़वाल में राज्य सरकार की जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता के तहत विद्युत, पेयजल, शिक्षा के साथ-साथ मोटर मार्गों के विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जा रही है। जिलाधिकारी के निरंतर मार्गदर्शन एवं प्रभावी निगरानी में लोक निर्माण विभाग द्वारा दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में तीव्र गति से कार्य करते हुए आवागमन को सुगम, सुरक्षित और सुलभ बनाया जा रहा है। इन प्रयासों से न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूती मिल रही है, बल्कि ग्रामीण जीवन की गुणवत्ता में भी सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

अधिशासी अभियंता लोनिवि बैजरो लोकेश सारस्वत ने जानकारी देते हुए बताया कि थलीसैंण क्षेत्र के अंतर्गत मैखुली-देवराड़ी-गणतखाल मोटर मार्ग का 2.87 किमी लंबा सुधारीकरण एवं डामरीकरण कार्य 230.93 लाख रुपये की लागत से उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया गया है। इस कार्य की अनुबंधानुसार समाप्ति तिथि 06 नवम्बर 2025 निर्धारित थी, किंतु विभाग की कार्यकुशलता एवं सतत निगरानी के चलते इसे 25 जून 2025 को ही, यानी लगभग 05 माह पूर्व पूरा कर लिया गया। इस मार्ग के निर्माण से ग्राम मतोली, छपरखाल एवं मंगरों के 431 ग्रामीणों को सीधा लाभ मिला है।

इसी क्रम में, राज्य योजना के अंतर्गत बीरोंखाल क्षेत्र के रसिया महादेव-नाउ-नागणी-चित्तोड़खाल 1.5 किमी मोटर मार्ग पर 148.55 लाख रुपये की लागत से सुधारीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य किया गया। इस कार्य की अनुबंधानुसार समाप्ति तिथि 03 अप्रैल 2026 निर्धारित थी, किंतु इसे 10 मार्च 2026 को, यानी लगभग 01 माह पूर्व ही पूर्ण कर लिया गया। इस मार्ग के सुदृढ़ होने से चकरगांव एवं लिंगुडिया के 657 ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिली है।

इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत शामिल 1.250 किमी लंबे चकरगांव-कल्याणखाल मोटर मार्ग का 109.15 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण कार्य भी निर्धारित समय से लगभग 04 माह पूर्व पूर्ण कर लिया गया। इस मार्ग के निर्माण से नाउ-नागणी क्षेत्र के 347 ग्रामीणों को बेहतर संपर्क सुविधा प्राप्त हुई है, जिससे उनका दैनिक जीवन अधिक सहज और सुरक्षित बन गया है।

इन सभी कार्यों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन से यह स्पष्ट है कि प्रशासन और विभागीय समन्वय के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज हो रही है।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *