रुड़की

मंगलौर में 29 मार्च को भव्य शैक्षिक एवं सम्मान समारोह, शिक्षकों-विद्यार्थियों का होगा सम्मान

मंगलौर/हरिद्वार। उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन की ब्लॉक इकाई नारसन द्वारा रविवार 29 मार्च 2026  को लिटिल एंजिल्स जूनियर हाई स्कूल, मंगलौर में भव्य शैक्षिक एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष एवं नवनिर्वाचित जिला कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित कर शैक्षिक वातावरण को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में ईद मिलन समारोह के साथ विभिन्न श्रेणियों में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे आपसी सद्भाव और शैक्षिक उन्नयन को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने जानकारी दी कि कार्यक्रम में डायट रुड़की के प्राचार्य मेराज अहमद तथा खंड शिक्षा अधिकारी नारसन आकाशा राठौर का विशेष सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा।

बयान के अनुसार, वर्ष 2026 की जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में चयनित छात्र-छात्राओं एवं उनके शिक्षकों को भी सम्मानित किया जाएगा। साथ ही वर्ष 2025-26 में खेल प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।

एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि नव नियुक्त बीआरसी एवं सीआरसी अधिकारियों का अभिनंदन भी कार्यक्रम का अहम हिस्सा होगा। उन्होंने क्षेत्र के शिक्षकों, अभिभावकों एवं गणमान्य नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और प्रेरणा का वातावरण बनता है, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *