पौड़ी

देहरादून में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी के आवास का घेराव, अंकिता न्याय यात्रा मंच का प्रदर्शन

यमुना कॉलोनी में पुलिस बैरिकेडिंग के बीच धरना, मंच ने भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए

देहरादून। राजधानी देहरादून में आज अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच द्वारा ऋतु खंडूड़ी के यमुना कॉलोनी स्थित आवास का घेराव किया गया। यह प्रदर्शन अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा नेताओं द्वारा दिए गए बयानों के विरोध में किया गया।

मंच के सदस्यों ने जैसे ही यमुना कॉलोनी स्थित मंत्री आवासों के मुख्य गेट की ओर बढ़ने का प्रयास किया, पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने मौके पर ही धरना देते हुए सभा आयोजित की और अपनी मांगों को जोरदार तरीके से रखा।

सभा को संबोधित करते हुए मंच की कमला पंत ने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में सरकार कथित रूप से VIP आरोपियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जब जनता इन आरोपियों के खिलाफ जांच और गिरफ्तारी की मांग कर रही है, तब जिम्मेदार पदों पर बैठे नेताओं द्वारा दिए जा रहे बयान बेहद आपत्तिजनक हैं।

मंच की निर्मला बिष्ट ने भी भाजपा सरकार पर महिलाओं के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप लगाया और कहा कि केंद्र और राज्य स्तर पर सत्ता में बैठे लोग गंभीर मामलों में भी जवाबदेही से बच रहे हैं। अन्य वक्ताओं ने भी इस प्रकरण में निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

मंच से जुड़ी सामाजिक कार्यकर्ता सुजाता पॉल ने कहा कि घटना को तीन वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक कथित VIP आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होना चिंता का विषय है। वहीं उमा भट्ट और विमला कोली ने भी सरकार पर आरोप लगाते हुए इस मामले में पारदर्शी जांच की मांग की।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और अंकिता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। सभा को पद्मा गुप्ता, कनिष्क जोशी, सूरज नेगी, मोहित डिमरी, पंकज क्षेत्री सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।

मंच ने घोषणा की कि आने वाले समय में इसी तरह से एक-एक कर सभी भाजपा विधायकों का घेराव किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों और स्थानीय नागरिकों की भी उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *