पौड़ी में दो दिवसीय उद्यमिता नेतृत्व कार्यशाला सम्पन्न, युवाओं को मिला स्वरोजगार का मार्गदर्शन
“जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत आयोजन, विशेषज्ञों ने दी व्यावसायिक और तकनीकी जानकारी
पौड़ी। जनपद पौड़ी में जिला उद्योग केंद्र के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय उद्यमिता नेतृत्व कार्यशाला सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। “जन-जन की सरकार, 4 साल बेमिसाल” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस कार्यशाला ने युवाओं एवं भावी उद्यमियों को नई दिशा, ऊर्जा और व्यावसायिक समझ प्रदान की।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को प्रोजेक्ट इनिशिएशन एवं प्रतिस्पर्धी विश्लेषण (कम्पेटिटिव इंटेलिजेंस) के माध्यम से व्यवसाय की मजबूत नींव रखने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा सिडकुल भूमि आवंटन, सीडा मैप स्वीकृति की प्रक्रियाएं, वित्तीय प्रबंधन तथा जीएसटी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरल एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही डिजिटल मार्केटिंग, वित्तीय साक्षरता और उत्तराखंड सरकार की स्वरोजगार एवं उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।

कार्यशाला के दूसरे दिन विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र में जिला उद्योग केंद्र की योजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। इसके बाद अग्निशमन विभाग द्वारा औद्योगिक एवं अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। डिजिटल मार्केटिंग विषय पर विशेषज्ञों ने आधुनिक विपणन तकनीकों से प्रतिभागियों को अवगत कराया।
द्वितीय सत्र में उद्यान विभाग द्वारा उद्यानिकी योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके पश्चात सफल उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों को प्रेरित किया। पीआईडीपी योजना के सफल उदाहरणों ने प्रतिभागियों में आत्मविश्वास बढ़ाया और उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंत में संवाद सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने प्रश्न रखे और विशेषज्ञों ने उनका समाधान किया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, वहीं बैम्बू क्राफ्ट प्रशिक्षण से जुड़े प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
यह कार्यशाला स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई है। विशेष रूप से कोटद्वार क्षेत्र में स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और “आत्मनिर्भर उत्तराखंड” के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में यह प्रयास सराहनीय माना जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रबंधक आर.पी. आर्य, उपासना सिंह, विवेक चौहान, सुनील गुप्ता, सुनील कुमार, भगत सिंह नेगी, रोहित रौतेला, कमल थापा, विवेक जदली सहित अनेक उद्यमी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।
(सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
