गुलदार की बढ़ती सक्रियता पर वन विभाग अलर्ट, एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील
पौड़ी। जनपद में गुलदार की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने आमजन के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने नागरिकों से दैनिक जीवन में आवश्यक सावधानियां अपनाने और संभावित जोखिम को कम करने की अपील की है।
प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल, महातिम यादव ने बताया कि घरों के आसपास झाड़ियों की नियमित साफ-सफाई अत्यंत आवश्यक है, ताकि जंगली जानवरों के छिपने की संभावना कम हो सके। इसके साथ ही शाम और रात्रि के समय घर व आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गई है।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को अकेले बाहर न भेजें और उनके स्कूल आने-जाने के दौरान किसी वयस्क के साथ ही रखें। यदि कहीं गुलदार या अन्य जंगली जानवर दिखाई दे, तो घबराने के बजाय शांत रहें, शोर न करें और उसके पास जाने का प्रयास बिल्कुल न करें।
पालतू पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। उन्हें खुले में छोड़ने के बजाय सुरक्षित स्थान पर बांधकर रखें और कूड़ा-कचरा खुले में न डालें, जिससे जंगली जानवर आकर्षित न हों।
डीएफओ ने बताया कि जंगली जानवर से आमना-सामना होने की स्थिति में व्यक्ति को संयम बनाए रखना चाहिए। ऐसी स्थिति में पीठ दिखाकर भागने के बजाय धीरे-धीरे पीछे हटें, जानवर को उकसाने से बचें और सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ें।
उन्होंने कहा कि किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें। इसके लिए वन्यजीव हेल्पलाइन नंबर 1926 पर संपर्क करने की अपील की गई है।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
