पौड़ी

राजस्व वसूली से लेकर गैस वितरण तक सख्ती, डीएम ने दिए कड़े निर्देश; 30 अप्रैल तक राजस्व चौकियों का पुनर्निर्माण लक्ष्य

पौड़ी गढ़वाल। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद की राजस्व वसूली, गैस वितरण, अतिक्रमण हटाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व प्राप्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी और सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करें।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को वसूली में तेजी लाने, पुराने लंबित वादों को प्राथमिकता से निपटाने और जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अतिरिक्त प्रभार वाले अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम एक दिन संबंधित तहसीलों में बैठकर जनसमस्याओं का समाधान करने को कहा।

बैठक में राजस्व चौकियों के पुनर्निर्माण पर विशेष जोर देते हुए 30 अप्रैल तक 79 चौकियों के निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही तहसील रिखणीखाल की 14 और लैंसडाउन की 2 चौकियों के मरम्मत कार्यों को भी शीघ्र पूरा करने को कहा गया।

डिजिटलीकरण को बढ़ावा देते हुए जिलाधिकारी ने एक माह के भीतर सभी राजस्व न्यायालयों और पटवारी चौकियों में कंप्यूटर व लैपटॉप उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बताया गया कि 41 राजस्व न्यायालयों में कंप्यूटर वितरित किए जा चुके हैं, जबकि शेष स्थानों पर कार्य प्रगति पर है।

जिलाधिकारी ने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण, अतिक्रमण हटाने, दाखिल-खारिज, चरित्र सत्यापन और खाता-खतौनी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष के लाभार्थियों की अद्यतन रिपोर्ट, आपदा उपकरणों की उपलब्धता और बड़े बकायेदारों से वसूली पर विशेष ध्यान देने को कहा।

गैस वितरण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्धारित एसओपी के अनुसार ही वितरण किया जाए और जिन उपभोक्ताओं ने पहले बुकिंग कराई है, उन्हें प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में गैस वितरण की नियमित निगरानी करने को कहा।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की समीक्षा में जिले की प्रगति 93.97 प्रतिशत बताई गई, जिस पर यमकेश्वर तहसील को 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर सराहा गया। अन्य तहसीलों को भी शीघ्र लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *