पौड़ी

जनता मिलन में डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने सुनीं जनसमस्याएं, कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण

पौड़ी। जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विभिन्न विभागों से संबंधित एक दर्जन से अधिक शिकायतें सुनीं। उन्होंने एक-एक फरियादी की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व में प्राप्त शिकायतों पर विभागीय स्तर पर की गई कार्यवाही की आख्या भी प्रस्तुत की गई। वार्ड संख्या-09 पौड़ी निवासी लक्ष्मी देवी द्वारा जल संस्थान के अधिक बिल की शिकायत पर अधिकारियों ने बताया कि बकाया धनराशि को एकमुश्त जमा कराने के बजाय किश्तों में जमा करने पर सहमति बन गई है।

ग्राम जखेटी निवासी राकेश सिंह की पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर विभाग ने अगले ही दिन आपूर्ति सुचारु कर दी। वहीं यमकेश्वर के देवराना निवासी कृष्ण कुमार कण्डवाल की आपदा से क्षतिग्रस्त दीवार और रास्ते के पुनर्निर्माण को ग्रामसभा की खुली बैठक में प्रस्तावित कर आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है।

सुरेन्द्र सिंह कठैत व अनिकेत की विद्युत पोल लगाए जाने संबंधी शिकायत पर विद्युत विभाग द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए पोल स्थापित किए गए। वहीं कोटद्वार के फतेहपुर निवासी श्याम सिंह, तलसारी निवासी सतीश चन्द्र तथा ज्योति रावत की कानून एवं सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर पुलिस विभाग ने आवश्यक कदम उठाए।

बीरोंखाल के थापला निवासी राजेश सिंह रावत ने गोदिया पाइपलाइन निर्माण कार्य का भुगतान न मिलने की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता जल निगम को ठेकेदार और श्रमिकों के बीच शीघ्र बैठक कराकर लंबित भुगतान का समाधान करने के निर्देश दिए।

पोखड़ा निवासी पुष्कर जोशी ने कृष्ण मोहन चौक के पास बने सार्वजनिक शौचालय में जलापूर्ति की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान को तत्काल जल संयोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सिमखेत, पौड़ी निवासी सरोजनी देवी ने खेत पर अवैध कब्जे की कोशिश की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी पौड़ी को राजस्व टीम को मौके पर भेजकर भूमि का सीमांकन कराने और आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

वहीं ग्राम कण्डारा निवासी कुलदीप सिंह ने बताया कि उनका आवास विद्युत लाइन से लगभग 85 मीटर दूर है, जिससे बिजली कनेक्शन लेने में दिक्कत हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को एक सप्ताह के भीतर वस्तुस्थिति के अनुसार पोल स्थापित कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश स्याना, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने, जिला पंचायतराज अधिकारी जितेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *