पाबौ की न्याय पंचायत सिमतोली में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया
पौड़ी। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड पाबौ की न्याय पंचायत सिमतोली में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

शिविर की अध्यक्षता पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से शासन की योजनाओं और सेवाओं को सीधे गांवों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
शिविर के नोडल अधिकारी दीपक रावत ने बताया कि शिविर में कुल 54 शिकायत पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 24 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया है।
इस दौरान विभिन्न प्रकार के प्रमाण पत्र बनाए जाने के लिए 14 आवेदन पत्र भी भरवाए गए। साथ ही अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 156 व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य भरत रावत, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, खंड विकास अधिकारी हरेंद्र कोली, खंड शिक्षाधिकारी अमित चौहान सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
