हर विकासखंड में रेडियोलॉजिस्ट, टेक्नीशियन व महिला डॉक्टर तैनात होंगे: डॉ. धन सिंह रावत
पौड़ी गढ़वाल। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। यह बात प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने रविवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के बेस चिकित्सालय श्रीनगर में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के विधिवत शुभारंभ के अवसर पर कही।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देश की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर उन्होंने अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हाई-टेक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर बेस चिकित्सालय को समर्पित किया। साथ ही अस्पताल परिसर में लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला पार्किंग के निर्माण की घोषणा भी की।
डॉ. रावत ने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण का नि:शुल्क अभियान शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत प्रदेश की 1 लाख 22 हजार बालिकाओं को 90 दिनों के विशेष अभियान में टीका लगाया जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में 155 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने इसे आयुष्मान योजना के बाद बेटियों की सुरक्षा की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम के दौरान टीकाकरण के लिए पहुंची बालिकाओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि बेस चिकित्सालय श्रीनगर में प्रतिदिन एक हजार से अधिक मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। मरीजों एवं तीमारदारों की सुविधा को देखते हुए बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए शीघ्र शासनादेश जारी कर भूमि पूजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद में विधायक निधि से अब तक सात एंबुलेंस उपलब्ध कराई जा चुकी हैं, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिली है। मेडिकल कॉलेज को लगभग 30 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई गई है, जिससे स्वास्थ्य ढांचे को और सशक्त किया जाएगा।
डॉ. रावत ने कहा कि प्रदेश के सभी 95 विकासखंडों में रेडियोलॉजिस्ट एवं तकनीशियन की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक ब्लॉक अस्पताल में एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराई जा रही है तथा रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के साथ अल्ट्रासाउंड मशीन भी स्थापित की जाएगी। इससे गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इसके अतिरिक्त प्रत्येक ब्लॉक में एक महिला डॉक्टर की नियुक्ति भी की जाएगी, जिससे महिलाओं को प्रसव एवं अन्य स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, प्रभारी प्राचार्य डॉ. विनीता रावत, डॉ. विमल गुंसाई, डॉ. दीपा हटवाल सहित अन्य अधिकारी, चिकित्सक एवं अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
