प्रेस क्लब मुनिकीरेती व गंगा गौ सेवा समिति ने शत्रुघ्न घाट पर आयोजित किया होली मिलन समारोह
मुनिकीरेती/ऋषिकेश। रंगों के पावन पर्व होली के आगमन पर प्रेस क्लब मुनिकीरेती एवं गंगा गौ सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में मुनिकीरेती स्थित शत्रुघ्न घाट पर भव्य होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महंत दयाराम दास, महंत मनोज प्रपन्नाचार्य, वरिष्ठ अधिवक्ता रमा बल्लभ भट्ट, समाजसेवी बचन पोखरियाल, नीलम बिजल्वाण (अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती), द्रवनीता शर्मा (जिला सूचना अधिकारी टिहरी) तथा घनश्याम नौटियाल (उपाध्यक्ष गढ़भूमि लोक संरक्षण समिति) द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
होली मिलन कार्यक्रम में प्रेस क्लब द्वारा प्रस्तुत हास्य-व्यंग्य से भरपूर होली बुलेटिन ने उपस्थित जनसमूह को खूब गुदगुदाया। वहीं अंकित जोशी की सुमधुर भजन संध्या, नरेंद्र रयाल की प्रभावशाली कविताएँ तथा लोक गायक विनोद बिजल्वाण के होली लोकगीतों ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर फूलों की होली के साथ गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें आयोजक मंडल के साथ-साथ देशी एवं विदेशी पर्यटक भी झूमते नजर आए। पूरे आयोजन में होली की आपसी सौहार्द, सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक उल्लास की अनुपम छटा देखने को मिली।
