पौड़ी में 51 विद्यालयों के शौचालयों की मरम्मत को 27.46 लाख स्वीकृत, बालिका शिक्षा को मिलेगा सुरक्षित वातावरण
पौड़ी। विद्यालयों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की पहल जनपद पौड़ी गढ़वाल में सकारात्मक परिणाम दे रही है। पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन पर बालिका सह-शैक्षणिक विद्यालयों में शौचालयों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देते हुए जनपद के विभिन्न विकासखंडों के 51 विद्यालयों में सुधार कार्य प्रारम्भ किए जाएंगे। इसके लिए कुल 27 लाख 46 हजार 500 रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

स्वाति एस. भदौरिया, जिलाधिकारी, ने बताया कि पूर्व निरीक्षण के दौरान कई विद्यालयों में शौचालय निर्मित होने के बावजूद मरम्मत के अभाव में अनुपयोगी पाए गए। छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं की गरिमा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा व्यापक सुधारात्मक कदम उठाया गया है।
इस योजना के अंतर्गत जनपद के 11 विकासखंड—पौड़ी, कोट, खिर्सू, पोखड़ा, द्वारीखाल, कल्जीखाल, यमकेश्वर, थलीसैण, बीरोंखाल, पाबौ तथा एकेश्वर—के कुल 51 राजकीय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शौचालयों की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। उद्देश्य विद्यालयों में स्वच्छता की आधारभूत सुविधाओं को पुनर्जीवित कर विद्यार्थियों के लिए स्वस्थ एवं सुरक्षित शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित करना है।
विकासखंडवार स्वीकृत धनराशि:
पौड़ी – 10 विद्यालय, ₹5.30 लाख
कोट – 03 विद्यालय, ₹2.00 लाख
खिर्सू – 01 विद्यालय, ₹40 हजार
पोखड़ा – 03 विद्यालय, ₹1.80 लाख
द्वारीखाल – 11 विद्यालय, ₹5.76 लाख
कल्जीखाल – 05 विद्यालय, ₹2.20 लाख
यमकेश्वर – 04 विद्यालय, ₹2.10 लाख
थलीसैण – 02 विद्यालय, ₹1.00 लाख
बीरोंखाल – 01 विद्यालय, ₹80 हजार
पाबौ – 01 विद्यालय, ₹80 हजार
एकेश्वर – 10 विद्यालय, ₹5.30 लाख
जिलाधिकारी ने कहा कि कई विद्यालयों में शौचालयों की खराब स्थिति छात्राओं के लिए असुविधा का कारण बन रही थी। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक बालिका को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिले, जिससे वे बिना बाधा के अपनी शिक्षा जारी रख सकें।
जिला शिक्षाधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट ने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार हैं। मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ होने से छात्राओं की नियमित उपस्थिति, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।
अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन समितियों ने इस पहल को छात्राओं के हित में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
