देहरादून में सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद
*युवती से अभद्रता और हमले का आरोप; थाने में दी तहरीर*
देहरादून। सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। रायपुर विधायक पर की गई पोस्ट के बाद एक युवती के साथ अभद्र टिप्पणियां किए जाने और हमले की कोशिश का आरोप लगाया गया है।

मूल निवास भू-कानून संघर्ष समिति के संयोजक लूशुन टोडरिया ने बताया कि आकांक्षा नेगी द्वारा रायपुर विधायक उमेश शर्मा से संबंधित एक पोस्ट सोशल मीडिया पर साझा की गई थी, जिसके बाद कथित रूप से कुछ लोगों ने आपत्तिजनक और भद्दे कमेंट किए। आरोप है कि मामले ने आगे बढ़ते हुए झड़प का रूप ले लिया और युवती के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
टोडरिया का कहना है कि जब उन्होंने बीच-बचाव का प्रयास किया तो उन पर भी हमले की कोशिश की गई। आरोप है कि एक युवक ने स्वयं को भाजपा कार्यकर्ता और संबंधित विधायक का समर्थक बताया।
घटना के बाद लूशुन टोडरिया और आकांक्षा नेगी फव्वारा चौक थाने पहुंचे और पूरे मामले में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराओं में कार्रवाई की मांग की।
इस प्रकरण को लेकर समिति ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की है। वहीं, पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
