द्वारीखाल सुराड़ी न्याय पंचायत के चैलूसैंण में हुआ शिविर का आयोजन
द्वारीखाल / पौड़ी गढ़वाल। सुराड़ी न्याय पंचायत के अंतर्गत चैलूसैण मिलन केंद्र में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लगभग 550 ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों से जुड़ी जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख एवं जिला पंचायत सदस्य कुल्हाड़ महेंद्र सिंह राणा रहे। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य अर्जुन नेगी तथा कनिष्ठ उप प्रमुख द्वारीखाल कौशल्या देवी ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर की अध्यक्षता प्रभागीय वनाधिकारी कोटद्वार जीवन मोहन दगाड़े ने की। उन्होंने प्राप्त 53 शिकायतों में से 30 का मौके पर ही निस्तारण कराया तथा शेष मामलों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
नोडल अधिकारी एवं संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारिका प्रसाद ने बताया कि शिविर में 109 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कृषि, राजस्व, फलोद्यान, पशुपालन, बाल विकास, लोक निर्माण विभाग सहित 23 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को पात्र व्यक्तियों को प्राथमिकता से लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।
जनप्रतिनिधियों ने उठाए स्थानीय मुद्दे
पूर्व ब्लॉक प्रमुख रवीन्द्र रावत ने चैलूसैंण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे मशीन ऑपरेटर की कमी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मरीजों को जांच के लिए कोटद्वार और ऋषिकेश जाना पड़ता है। नर्सिंग स्टाफ की अन्यत्र ड्यूटी लगाए जाने से भी स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। साथ ही बमोली मोटर मार्ग की बदहाली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
ग्रामसभा शिमल्या, क्यार पाली सहित अन्य गांवों से मोटर मार्ग निर्माण संबंधी शिकायतें सामने आईं। पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख गुणपाल नेगी ने निर्माणाधीन पम्पिंग योजना के अधूरे कार्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि दो वर्ष पूर्व बने सीमेंट टैंक अब तक उपयोग में नहीं आ सके हैं।
राकेश कपरवाण ने शीला डांडा एवं बमोली पेयजल लाइन की मरम्मत सहित कई जनहित के मुद्दे उठाए। संबंधित विभाग ने बजट आवंटन के बाद बलूनी गांव की पाइपलाइन ठीक करने तथा शीला डांडा का कार्य जिला योजना से पूर्ण कराने का आश्वासन दिया।
मजदूर भुगतान का मुद्दा भी उठा
ग्राम उत्तिण्डा से शिकायत प्राप्त हुई कि बीएसएनएल टावर निर्माण एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत हंस फाउंडेशन द्वारा कराए गए कार्यों में मजदूरों एवं घोड़े-खच्चर संचालकों को पूर्ण भुगतान नहीं किया गया है। 6 जनवरी को न्याय पंचायत पुल्यासू में आयोजित शिविर में भी यह मामला उठाया गया था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत को पुनः संबंधित विभागों को भेजा गया, जिस पर ग्रामीणों ने त्वरित समाधान की मांग की।
शिक्षा विभाग ने दी योजनाओं की जानकारी
खंड शिक्षा अधिकारी द्वारीखाल डॉ. सुरेंद्र सिंह नेगी के प्रतिनिधि के रूप में अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज चैलूसैण के प्रधानाचार्य वीरेन्द्र गिरि ने क्षेत्र के विद्यालयों में संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की जानकारी दी।
कार्यक्रम संयोजक खंड विकास अधिकारी जयकृत सिंह बिष्ट ने व्यवस्थाओं का संचालन किया। इस अवसर पर विनीता भंडारी, कादम्बरी देवी, मुकेश बिष्ट, आशीष बिष्ट, धीरज सिंह, नीतू देवी, विजेंद्र सिंह रावत सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन वरिष्ठ ग्राम विकास अधिकारी सतीश शर्मा द्वारा किया गया।
