विकासखंड पौड़ी की न्याय पंचायत में बहुउद्देश्यीय शिविरचरधार हुआ आयोजित
पौड़ी। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के अंतर्गत विकासखंड पौड़ी की न्याय पंचायत चरधार के पंचायत भवन कंडी में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने बढ़चढ़ प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखी।

शिविर की अध्यक्षता एसडीओ वन आयशा बिष्ट ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि योजनाओं का लाभ गांव स्तर पर ही उपलब्ध हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ तत्काल उपलब्ध कराया जाए।
नोडल अधिकारी एवं तहसीलदार दीवान सिंह राणा ने बताया कि शिविर में कुल 30 शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया है। उन्होंने बताया कि शिविर में 164 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविर में लगभग 515 ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा 20 लाभार्थियों के प्रमाण पत्र भी बनाए गये।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य ममता नेगी, ग्राम प्रधान कंडी सुरेश लाल, प्रभारी खंड विकास अधिकारी दिनेश नेगी, एबीडीओ धनपाल सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।
*सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल*
