देहरादून

प्रारंभिक शिक्षा निदेशक से मारपीट प्रकरण: देहरादून में विधायक उमेश शर्मा काऊ का पुतला दहन, गिरफ्तारी की मांग

देहरादून। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ हुई कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को देहरादून के लैंसडाउन चौक पर विभिन्न आंदोलनकारी संगठनों ने एकत्रित होकर रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ का पुतला दहन किया और मामले में शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई।

सामाजिक कार्यकर्ता अनिल डोभाल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा सहित कई संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा।

उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के रायपुर विधानसभा प्रभारी अनिल डोभाल ने कहा कि क्षेत्र में अपराध की घटनाएं बढ़ना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निदेशक के साथ मारपीट करने वालों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो सभी संगठनों को एकजुट कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

मूल निवास भू-कानून संघर्ष समिति के संयोजक लूशून टोडरिया ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व राज्य को अपराधमुक्त बनाना है, लेकिन यदि वे स्वयं आरोपों के घेरे में हों तो यह चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस प्रशासन द्वारा विधायक और उनके समर्थकों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो डीजीपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

राष्ट्रीय रीजनल पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष सुलोचना इस्टवाल ने कहा कि जब अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा पर प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन में राकेश नेगी, पंकज उनियाल, आशीष नौटियाल, चित्रपाल सजवान, राजेंद्र भट्ट, संजीव शर्मा, गगन बौड़ाई, कनिष्क कुकरेती, सतीश धस्माना, स्वाति नेगी, रजनी कुकरेती, सुमन रावत, कमलकांत, आर.के. शंखधर, सत्या पोखरियाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *