पौड़ी

नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल 26 से, बिलखेत में दो दिवसीय ट्रायल शुरू

सतपुली/पौड़ी। जनपद पौड़ी के सतपुली-बिलखेत क्षेत्र में 26 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाला तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल–2026 इस वर्ष रोमांच, साहस और संस्कृति का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा। आयोजन को लेकर प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। क्षेत्र में महोत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है।

मुख्य आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए 23 और 24 फरवरी को दो दिवसीय ट्रायल आयोजित किया जा रहा है। ट्रायल के दौरान सुरक्षा मानकों, तकनीकी व्यवस्थाओं, उपकरणों की कार्यक्षमता तथा प्रतिभागियों की सुविधाओं से जुड़े सभी पहलुओं का गहन परीक्षण किया जा रहा है, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या जोखिम की स्थिति उत्पन्न न हो। प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि महोत्सव में पैराग्लाइडिंग, कयाकिंग, एमटीबी (माउंटेन बाइकिंग), पैरा मोटरिंग, एंगलिंग तथा हॉट एयर बैलून जैसी साहसिक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। नयार घाटी की प्राकृतिक सुंदरता के बीच आयोजित ये गतिविधियां प्रतिभागियों को विशेष अनुभव प्रदान करेंगी। इसके अतिरिक्त सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों द्वारा लोकगीत, लोकनृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति को मंच मिलेगा।

जिलाधिकारी ने बताया कि आयोजन के लिए सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। उन्होंने आमजन, विशेषकर युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग कर साहसिक गतिविधियों का आनंद लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से जनपद में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा स्वरोजगार से जुड़े लोगों, होटल एवं होमस्टे संचालकों, हस्तशिल्पियों और व्यापारियों को भी लाभ प्राप्त होगा। यह महोत्सव रोमांच के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ करेगा।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *