पौड़ी

बीरोंखाल की ग्वीन न्याय पंचायत में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित

वीरोंखाल/पौड़ी। सोमवार को विकासखंड बीरोंखाल की न्याय पंचायत ग्वीन में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 33 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। इसके साथ ही 89 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 560 लोगों ने सहभागिता की।

शिविर की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने की। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर समाधान किया तथा शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की इस पहल से क्षेत्रवासियों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में प्रतिभाग कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित किया जाए, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

शिविर में राजस्व, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास, कृषि, उद्यान, पशुपालन सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन भी प्राप्त किए गए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी थलीसैंण कृष्णा त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी सुदर्शन सिंह बुटोला, सहायक अभियंता विद्युत मनोज कुमार, पूर्ति निरीक्षक शशिबाला रावत, एडीओ उद्यान विक्रम सिंह रावत, सहायक अभियंता सिंचाई पवन कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *