बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में पहल, करियर काउंसलिंग से मिला मार्गदर्शन
पौड़ी। विकासखंड पाबौ स्थित राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी पूजा रावत ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध तरीके से अध्ययन करना चाहिए तथा अपने उद्देश्य की प्राप्ति हेतु निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
कार्यक्रम में डॉ. आकाशदीप ने मेडिकल क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों, प्रवेश प्रक्रियाओं एवं भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। वहीं, केंद्र प्रशासक ओएससी लक्ष्मी रावत ने अधिवक्ता एवं न्यायिक सेवाओं से जुड़े करियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने एलएलबी सहित आवश्यक शैक्षणिक तैयारियों के बारे में बताते हुए बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथाओं के प्रति बच्चों को जागरूक किया।
इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी श्रीमती चंद्रकांता काला ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए छात्र-छात्राओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य नरेंद्र सिंह ने महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
