पौड़ी

द्वारीखाल की न्याय पंचायत सिंराई में बहुउद्देशीय शिविर, 45 शिकायतें दर्ज, 135 लाभार्थियों को मिला लाभ

द्वारीखाल /पौड़ी। प्रदेशभर में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत विकासखंड द्वारीखाल की न्याय पंचायत सिंराई में डाडामंडी में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 45 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा 135 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सुविधाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में 522 स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया।

शिविर में उपाध्यक्ष सिंचाई सलाहकार समिति ऋषि कंडवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में चल रहा यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रशासन और विभागीय अधिकारी सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।

इस अवसर पर अपर सचिव पंचायतीराज श्याम सिंह ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ उनके द्वार पर ही मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जनता को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला या तहसील मुख्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में प्रतिभाग कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

वहीं अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने शिविर में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि दर्ज की गई शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव है, उन्हें तुरंत निपटाया जाए, जिससे ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

शिविर के दौरान अपर सचिव पंचायतीराज एवं अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने विभागीय समन्वय को और मजबूत करने पर भी जोर दिया।

शिविर में ब्लॉक प्रमुख बीना राणा, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र सिंह राणा, उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत भावना रावत, प्रबंधक उद्योग उपासना सिंह, खंड विकास अधिकारी जयकृत सिंह बिष्ट, उद्यान सहायक गणेश सिंह, ग्राम विकास अधिकारी सुमित सिंह, पूजा रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *