ऋषिकेश

गीता आश्रम में गीता बाल विद्यालय द्वारा 77वें गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित

ऋषिकेश। गीता आश्रम के प्रांगण में गीता बाल विद्यालय द्वारा 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन ट्रस्ट अध्यक्ष डॉ. दीपक गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया।

कार्यक्रम में समाजसेवी इंद्र प्रकाश अग्रवाल विशेष सम्मानित अतिथि तथा अधीक्षण अभियंता, लघु सिंचाई विभाग, जिला पौड़ी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व सभासद जीतू अवस्थी, नवीन राणा, श्रीमती हिमानी राणा, विकास भंडारी, स्वामी सर्वात्मानंद सरस्वती, श्याम मोहन मिश्रा, चंद्र मित्र शुक्ला, मास्टर कृष्णधार मिश्रा, त्रिभुवन उपाध्याय, श्रीमती शशि गुप्ता, प्रमिला शाह, अशोक शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अध्यापिकाओं श्रीमती संगीता डोभाल एवं भावना वर्मा, बच्चों के अभिभावकों तथा आश्रमवासियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। वक्ताओं ने गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्ष 1950 में बने भारतीय संविधान के अंतर्गत आज देश में लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था संचालित हो रही है, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों का अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति आज भी अक्षुण्ण है और यही हमारी पहचान है।

ट्रस्ट अध्यक्ष डॉ. दीपक गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय गणतंत्र सम्पूर्ण विश्व के लिए एक अनुपम उदाहरण है। इस अवसर पर गीता बाल विद्यालय के बच्चों द्वारा सरस्वती वंदना, एकल गीत एवं नाटक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम का संचालन भानु मित्र शर्मा द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *