पौड़ी

थलीसैंण की न्याय पंचायत पैठाणी में लगा बहुउद्देश्यीय शिविर, 32 शिकायतें दर्ज, 69 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

पौड़ी गढ़वाल। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत विकासखंड थलीसैंण की न्याय पंचायत पैठाणी में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आम जनता की समस्याएं सुनी गईं तथा उनके त्वरित निस्तारण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई। शिविर के दौरान कुल 32 शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि 69 लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। वहीं 482 लोगों ने शिविर में प्रतिभाग किया।

शिविर की अध्यक्षता परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय ने की। उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को योजनाओं का लाभ सीधे उनके द्वार तक पहुंच रहा है। उन्होंने बताया कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत जनपद की सभी न्याय पंचायतों में लगातार शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

पीडी डीआरडीए ने शिविर में उपस्थित स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण भी किया तथा अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर ग्रामीण जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं, जिससे समस्याओं का समाधान मौके पर ही संभव हो पा रहा है।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, बाल विकास विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग, खाद्य पूर्ति विभाग सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी शिविर एवं जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अल्का पांडे, चिकित्साधिकारी डॉ. अंकित, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, ग्राम विकास अधिकारी नारायण सिंह बुटोला, घनश्याम भंडारी, बिजेंद्रपाल, कानूनगो बिजेंद्र गुसाईं सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *