पौड़ी

16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य जागरूकता कार्यक्रम, बालिका दिवस पर बालिकाएं सम्मानित

पौड़ी। जनपद में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन द्वारा भव्य मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के साथ ही राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिकाओं को सम्मानित कर उनके प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई।

 

इस अवसर पर प्रथम बार मतदाता के रूप में पंजीकृत सेंट थॉमस स्कूल के छात्र प्रतीक रावत को मतदाता पहचान पत्र प्रदान किया गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह ने जानकारी दी कि मतदाता सूची से संबंधित आवेदन करने वाले आवेदकों को बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से घर-घर मतदाता पहचान पत्र वितरित किए जाएंगे।

मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत बी.आर. मॉडर्न स्कूल की छात्राओं द्वारा मतदान के महत्व को दर्शाते हुए प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने पर जिलाधिकारी द्वारा बीएलओ अनिल कुमार को सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित बालिकाओं को सम्मानित किया गया। बालिका दिवस की शपथ बी.आर. मॉडर्न स्कूल की छात्रा अनुप्रिया खर्कवाल ने दिलाई। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत “घौर कु पछ्यांण, नौनी कु नौ” थीम पर आधारित नाम पट्टिका वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बालिकाओं को उनके घरों के लिए नाम पट्टिकाएं वितरित की गईं। बालिकाओं ने जिलाधिकारी से संवाद कर उत्साह व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा बालिका रुद्रांशी को गोद में लेकर स्नेहपूर्वक दुलार करने का भावुक क्षण उपस्थित जनसमूह के लिए प्रेरणादायी रहा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि मतदाता जागरूकता के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव अवधि के अतिरिक्त समय में भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं पता परिवर्तन जैसी प्रक्रियाओं के प्रति नागरिकों को जागरूक किया जाना जरूरी है, ताकि मतदान के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता कार्यक्रम वर्षभर चलते रहने चाहिए।

उन्होंने बताया कि बच्चों के माध्यम से प्रारंभिक स्तर पर जागरूकता लाने हेतु विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं तथा पोस्टकार्ड लेखन जैसे प्रयासों के जरिए संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाता है। जिलाधिकारी ने जनपद की भौगोलिक विषमता का उल्लेख करते हुए कहा कि दूर-दराज़ क्षेत्रों से बुजुर्ग मतदाताओं का मतदान के लिए आना अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज हो।

उन्होंने आगामी महीनों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया प्रारंभ होने की जानकारी देते हुए सभी मतदाताओं से समय रहते अपने बीएलओ के माध्यम से आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि बालिकाएं समाज की धुरी हैं और उनके सम्मान, शिक्षा एवं सुरक्षा से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र बालिकाओं तक पहुंचाया जा रहा है और अभिभावकों को बेटियों को समान अवसर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करनी चाहिए।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में चित्रकला प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पैडुल की छात्रा प्राची ने प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज बग्याली की छात्रा तमन्ना नेगी ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज द्वारीखाल की छात्रा श्रीयांशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

निबंध प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज नवाखाल की छात्रा गायत्री रावत प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पैडुल की छात्रा स्वर्णिका द्वितीय एवं राजकीय इंटर कॉलेज निसणी की छात्रा प्रिया तृतीय स्थान पर रहीं।

स्लोगन प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पैडुल की छात्रा मीनाक्षी रावत ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज थलनदी की छात्रा मानसी ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज दोमटखाल की छात्रा अर्पिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न कार्यालयों में भी मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई। जिला कार्यालय में कार्यक्रम का संचालन रेडक्रॉस के जिला सचिव केसर सिंह असवाल ने किया। कार्यक्रम में जिला शिक्षाधिकारी रणजीत सिंह नेगी, जिला खेल समन्वयक योगंबर नेगी, जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल, सीडीपीओ आशा रावत, एनआईसी डीआईओ मयंक शर्मा, एडीआईओ हेमंत काला सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय नागरिक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *