डीएम स्वाति भदौरिया ने नैनीडांडा में पीरुल कलेक्शन प्लांट का किया निरीक्षण, महिलाओं के रोजगार को बताया सशक्त पहल
पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विकासखंड नैनीडांडा के ग्राम कौला मल्ला तोक, खडोलियाखेत में स्थापित पीरुल कलेक्शन प्लांट एवं विकासखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीरुल संग्रहण कार्य में लगी महिलाओं से संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की और इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

निरीक्षण के दौरान महिलाओं ने पीरुल सुखाने हेतु छोटी यूनिट मशीन की आवश्यकता बताई, जिस पर जिलाधिकारी ने शीघ्र मशीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पीरुल कलेक्शन से महिलाओं को रोजगार मिल रहा है, जिसे और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने डीएफओ को निर्देश दिए कि पीरुल एकत्रित कर रही महिलाओं को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इस पर डीएफओ ने जानकारी दी कि संबंधित भुगतान 31 जनवरी तक कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को पीरुल संग्रहण का लक्ष्य बढ़ाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को इस कार्य से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित पीरुल संग्रहण से वनाग्नि की घटनाओं में कमी आएगी और महिलाओं की आय में निरंतर वृद्धि होगी। साथ ही पैलेट निर्माण के लिए बाजार सर्वे कर आवश्यक समझौते करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि उत्पाद को बेहतर बाजार मिल सके।
पीरुल कलेक्शन से जुड़ी महिलाओं ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 250 कुंतल पीरुल एकत्रित किया जा रहा है, जिसमें करीब 350 महिलाएं कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि लैंटाना कलेक्शन को चिपर मशीन से काटकर पैलेट तैयार किए जाते हैं। जिलाधिकारी ने बेलर मशीन के माध्यम से पीरुल की बंडलिंग प्रक्रिया की भी जानकारी ली।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने विकासखंड नैनीडांडा कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारियों से गांवों में झाड़ी कटान, क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता एवं न्याय पंचायतों से संबंधित जानकारी ली तथा रोस्टर के अनुसार नियमित भ्रमण के निर्देश दिए। प्रधानों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी लेते हुए उन्होंने आपदा के दौरान हुई क्षति से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामोत्थान, युवा कल्याण, समाज कल्याण, सीएम हेल्पलाइन, एनआरएलएम सहित विभिन्न पटलों का अवलोकन किया और सभी कार्य समयबद्ध व गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी को सल्ड महादेव के पास स्थित भूमि का खेल मैदान के रूप में निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने नैनीडांडा विकासखंड मुख्यालय में नैनी दीदी कैफे का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह कैफे स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण सेवा एवं स्थानीय उत्पादों के उपयोग पर विशेष जोर दिया और कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में सहायक होंगे।
इस अवसर पर डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद पांडे, सहायक खंड विकास अधिकारी रमेश चंद नैनवाल, एडीओ पंचायत हुसैन अली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
