पौड़ी

ग्राम पंचायत ओडल में विकास को लेकर महत्वपूर्ण बैठक, जनप्रतिनिधि व ग्रामीण हुए शामिल

जयहरीखाल। ग्राम पंचायत ओडल में ग्राम के समग्र विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान श्रीमती रेखा देवी ने की। यह ग्राम विकास से संबंधित दूसरी बैठक थी, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की।

बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्य मीना देवी, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ज्योति पटवाल, ग्राम विकास अधिकारी रेनू नौटियाल, मनरेगा विभाग से बृजमोहन सिंह नेगी एवं पूजा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हेमंती नेगी, आशा कार्यकर्ता शारदा बर्थवाल तथा ग्राम पैरवी देबू जी उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त वन विभाग एवं कृषि विभाग से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी भी बैठक में शामिल हुए। बैठक में मनदीप पटवाल एवं विनोद सिंह नेगी की भी सक्रिय सहभागिता रही।

बैठक के दौरान ग्राम विकास, रोजगार सृजन, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य सुविधाएं, मनरेगा कार्यों तथा कृषि एवं वन विभाग से संबंधित योजनाओं पर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा की गई।

ग्राम सभा ओडल के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों—खुंडोली, पोखाल एवं मजीना—के ग्रामीण बड़ी संख्या में बैठक में उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे, जिन पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया गया।

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने गांव के सर्वांगीण विकास के लिए आपसी सहयोग और समन्वय से कार्य करने पर बल दिया।

अंत में ग्राम प्रधान श्रीमती रेखा देवी ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत ओडल गांव के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर प्रयासरत रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *