सांगुड़ा शिविर में 168 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का सीधा लाभ
पौड़ी/कल्जीखाल। जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड कल्जीखाल की न्याय पंचायत सांगुड़ा में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों द्वारा कुल 10 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

शिविर की अध्यक्षता कर रहे डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनशिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि दूरस्थ क्षेत्रों में निवास कर रहे ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचे।
आयोजित शिविर में 168 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, वन, राजस्व, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, बाल विकास सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ पात्रता की शर्तें समझाईं और मौके पर ही आवेदन व पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूर्ण कराई।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी शिविर एवं आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी शैलेन्द्र पांडेय, खंड विकास अधिकारी चंद्र प्रकाश बलूनी सहित अन्य विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
