पौड़ी

चाकीसैंण तहसील दिवस में 68 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर समाधान, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

पौड़ी। मुख्यमंत्री के निर्देशन पर जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से मंगलवार को चाकीसैंण तहसील दिवस का आयोजन राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास, पैठाणी में किया गया। तहसील दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने की। इस दौरान उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए तथा आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। तहसील दिवस में कुल 68 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर लोगों को राहत दी गई।

जिलाधिकारी ने कांडा–घंडियाली–बरतोली सड़क मार्ग के संबंध में अधिशासी अभियंता लोनिवि पाबौ को एक सप्ताह के भीतर निरीक्षण कर सुधारीकरण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। पैठाणी व तिरपालीसैंण बाजार में सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए भूमि चिन्हित होने पर शीघ्र निर्माण कराने का आश्वासन दिया गया।

दिव्यांग पेंशन से जुड़े मामलों में समाज कल्याण अधिकारी द्वारा मौके पर ही आवेदन भरवाकर आवश्यक कार्रवाई की गई। डोबरी व रिस्ती गांवों में प्राथमिक विद्यालय भवनों की जर्जर स्थिति पर जिलाधिकारी ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विद्यालयों को अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने तथा भवनों के सुधारीकरण के निर्देश दिए। सोलर लाइट की मांग पर सभी पात्र गांवों में स्थापना सुनिश्चित करने को कहा गया।

तहसील दिवस में विद्युत लाइनों पर झूल रहे पेड़ों की लॉपिंग, जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा, कृषि भूमि सुरक्षा हेतु पुश्तों का निर्माण, पश्चिमी नयार नदी पर क्षतिग्रस्त पुल, पैठाणी क्षेत्र में डामरीकरण, आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के सर्वे, ग्राम चौरा में भूकटाव रोकथाम, उद्यान विभाग से फल पौधों की उपलब्धता तथा विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल समस्याओं को लेकर शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर स्थलीय निरीक्षण व समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके अलावा पैठाणी बाजार में निराश्रित पशुओं पर नियंत्रण, स्योली मल्ली में स्ट्रीट लाइट, कृषि घेरबाड़ तथा खेल मैदान के समतलीकरण हेतु मनरेगा के अंतर्गत कार्य कराने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि छोटी शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया जाए और कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

तहसील दिवस में अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड श्रीनगर एवं परियोजना अधिकारी उरेडा के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दोनों अधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना सूचना अनुपस्थित रहना और अधीनस्थों को भेजना अनुशासनहीनता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

तहसील दिवस में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य टीला शिव चरण नौटियाल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *