द्वारीखालपौड़ी

पुल्यासू में जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार शिविर, 56 शिकायतों में से 16 का मौके पर निस्तारण

पौड़ी/द्वारीखाल। विकासखंड द्वारीखाल की पुल्यासू न्याय पंचायत में मंगलवार को जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों द्वारा कुल 56 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 16 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। इसके साथ ही 250 ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की सीधी जानकारी और लाभ मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

शिविर की अध्यक्षता कर रहे मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में ही आम लोगों की समस्याओं का समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों में समयबद्ध कार्रवाई कर लाभार्थियों को शीघ्र राहत दी जाए। साथ ही उन्होंने आम जनमानस से अपील की कि वे इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, जिससे एक ही स्थान पर शिकायतों के निस्तारण के साथ योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कुल्हाड़/पूर्व ब्लॉक प्रमुख द्वारीखाल महेंद्र सिंह राणा एवं जिला पंचायत सदस्य अर्जुन नेगी (सुराड़ी) ने क्षेत्र में मोबाइल टावरों की धीमी नेटवर्क समस्या के समाधान की मांग उठाई। ग्राम पंचायत वरगड्डी के प्रधान विकास जुगरान ने मोलाखाल–सिलोगी मोटरमार्ग के निर्माण की मांग करते हुए कहा कि यदि शीघ्र सड़क निर्माण नहीं हुआ तो क्षेत्रीय जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का निर्णय ले सकती है।

सुधीर नेगी एवं अनूप नेगी ने पुल्यासू क्षेत्र में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं रखीं। ग्रामसभा पाटली के प्रधान ने सिलड़ी–चमोलीसैंण मोटरमार्ग के डामरीकरण की मांग उठाई। वहीं उत्तिण्डा की प्रधान शिवानी बलूनी ने उत्तिण्डा बीएसएनएल टावर में कार्यरत मजदूरों के भुगतान तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्य कर रहे घोड़े–खच्चरों के भुगतान न होने का मामला प्रमुखता से उठाया।

शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, समाज कल्याण, बाल विकास, राजस्व, वन सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख बीना राणा, खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट, जिला पंचायत सदस्य महेंद्र राणा, अधिशासी अभियंता जल संस्थान कोटद्वार अभिषेक वर्मा, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक कुमार, उद्यान विशेषज्ञ कोटद्वार पंकज पटवाल सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *