विधिक सेवा प्राधिकरण की मासिक बैठक आयोजित, विधिक जागरूकता और निःशुल्क सहायता पर जोर
पौड़ी। माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल एवं माननीय जिला जज/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पौड़ी गढ़वाल की सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव नाज़िश कलीम द्वारा पैनल अधिवक्ताओं के साथ मासिक बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जनवरी 2026 के प्लान ऑफ एक्शन पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव द्वारा पैनल अधिवक्ताओं को विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आमजन में विधिक जागरूकता बढ़ाने तथा समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान न्यायालयों में विधिक सहायता से संबंधित प्रकरणों की पैरवी की प्रगति की समीक्षा की गई। पैनल अधिवक्ताओं को निर्देशित किया गया कि विधिक सहायता प्राप्त अभियुक्तों एवं वादकारियों के मामलों में समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण पैरवी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जेल विज़िट कार्यक्रम पर भी चर्चा की गई, जिसमें बंदियों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देने, उनकी समस्याओं के समाधान हेतु परामर्श प्रदान करने तथा आवश्यकता होने पर निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।
इसके अतिरिक्त विधिक जागरूकता शिविरों के आयोजन, लीगल एड क्लीनिकों की सक्रियता, परामर्श सेवाओं की सुलभता तथा महिला एवं बाल अधिकार, वरिष्ठ नागरिक कल्याण, नशा मुक्ति, घरेलू हिंसा की रोकथाम जैसे जनहित के विषयों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपस्थित पैनल अधिवक्ताओं ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा विधिक सेवा गतिविधियों को अधिक प्रभावी एवं जनोपयोगी बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया गया।
