26 से 28 फरवरी तक बिलखेत में नयार घाटी साहसिक महोत्सव, पैराग्लाइडिंग से क्याकिंग तक होंगी रोमांचक गतिविधियां
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत क्षेत्र में 26 से 28 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग, साइक्लिंग, क्याकिंग एवं एंग्लिंग जैसी साहसिक गतिविधियों के माध्यम से रोमांच का अनुभव मिलेगा।

इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में विकास भवन में तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में साहसिक गतिविधियों से संबंधित पंजीकरण प्रक्रिया, प्रतिभागियों के ठहरने, परिवहन व्यवस्था, उद्घाटन समारोह, पुरस्कार वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि यह आयोजन जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग एवं मत्स्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। महोत्सव के अंतर्गत लैंसडाउन, बिलखेत एवं खिर्सू क्षेत्रों में माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जबकि ढ़ाढूखाल से बिलखेत तक पैराग्लाइडिंग और नयार नदी में क्याकिंग व एंग्लिंग प्रतियोगिताएं होंगी। इसके साथ ही बिलखेत में स्थानीय लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के साहसिक महोत्सव से नयार घाटी को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
बैठक में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, मत्स्य निरीक्षक एकता देवपा, जर्नी क्राफ्ट से मयंक व अजय कंडारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
