पौड़ी

जनपद के शहरी वार्डों में होगा सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण

ऐप आधारित जीआईएस मैपिंग से बुनियादी सुविधाओं का होगा आकलन

पौड़ी गढ़वाल।

राज्य के समस्त शहरी स्थानीय निकायों के वार्डों में सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं का आकलन करने के उद्देश्य से अर्थ एवं संख्या विभाग द्वारा व्यापक सर्वेक्षण कराया जा रहा है। यह जानकारी जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने ने दी।

उन्होंने बताया कि जनपद पौड़ी गढ़वाल में यह सर्वेक्षण दो चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण के अंतर्गत वर्ष 2025–26 में नगर निगम कोटद्वार के 40 वार्डों में सर्वेक्षण कार्य संपन्न कराया जाएगा, जबकि द्वितीय चरण में जनपद के शेष 67 वार्डों में मूलभूत सुविधाओं से संबंधित सर्वे किया जाएगा।

जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी ने बताया कि सर्वेक्षण के अंतर्गत मोबाइल ऐप के माध्यम से संबंधित वार्डों की जीआईएस मैपिंग की जाएगी। साथ ही 14 विभिन्न खंडों में सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र से जुड़े बिंदुओं पर वार्डों में उपलब्ध सुविधाओं एवं सेवाओं का विवरण ऑनलाइन अपलोड किया जाएगा।

इन 14 खंडों में सरकारी एवं निजी चिकित्सा सुविधाएं, दवा दुकानें, शिक्षा संस्थान एवं पुस्तकालय, कारखाने एवं विनिर्माण इकाइयाँ, गैर-विनिर्माण एवं सेवा क्षेत्र में रोजगार की स्थिति, भंडारण सुविधाएं, पशुपालन एवं पशु चिकित्सा सेवाएं, शहरी क्षेत्रों से पलायन की स्थिति, निर्माण गतिविधियां, विभिन्न श्रेणियों के दिव्यांगजन से संबंधित आंकड़े, होटल-होम स्टे, मनोरंजन पार्क, बैंकिंग सुविधाएं, पेयजल, सीवरेज एवं स्वच्छता सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का डाटा संकलित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के नियोजित विकास के लिए उपलब्ध सेवाओं एवं सुविधाओं का वास्तविक आकलन करना तथा भविष्य में समय रहते प्रभावी नीतिगत निर्णय सुनिश्चित करना है। इससे शहरी निकायों एवं वार्डों की विकास स्थिति का तुलनात्मक मूल्यांकन संभव हो सकेगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अपर सांख्यिकी अधिकारी रणजीत सिंह रावत, अरविंद मिश्र, शालिनी राठौर, सीमा धीमान, जीआईएस विश्लेषक किरन सहित विभिन्न विकासखंडों में नव नियुक्त सहायक सांख्यिकी अधिकारी उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *