बीरोंखाल व सतपुली में सुदृढ़ हुई अल्ट्रासाउंड सुविधा
ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत, स्थानीय स्तर पर जांच व्यवस्था सुचारु
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों—विशेषकर बीरोंखाल और सतपुली—में गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों को समय पर अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा वैकल्पिक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से लागू कर दी गई हैं, जिससे अब जरूरतमंदों को जांच के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।

पीसीपीएनडीटी एक्ट के अंतर्गत जिलाधिकारी द्वारा बीरोंखाल एवं सतपुली अस्पतालों में अल्ट्रासाउंड मशीनों के संचालन की अनुमति प्रदान की गई है। इसके तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीरोंखाल में डॉ. अंकिता रावत प्रत्येक शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड जांच करेंगी, जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली में राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार के डॉ. निशांत गर्ग प्रत्येक बुधवार को अल्ट्रासाउंड सेवा उपलब्ध कराएंगे। इस व्यवस्था से बीरोंखाल, सतपुली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप जहां रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध नहीं हैं, वहां योग्य चिकित्सकों के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि कोई भी महिला जांच सुविधा से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि बीरोंखाल एवं सतपुली के लिए आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं।
इसके साथ ही जिला अस्पताल पौड़ी में तैनात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. संजय त्यागी के 19 दिसंबर 2025 से 16 जनवरी 2026 तक उपार्जित अवकाश पर रहने की अवधि में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को सप्ताह में एक दिन अल्ट्रासाउंड मशीन संचालन की अनुमति प्रदान की गई है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक माह की 5 तारीख तक गर्भवती महिलाओं से संबंधित अद्यतन सूचनाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
