पौड़ी

कोटा में जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार शिविर आयोजित, 21 शिकायतें दर्ज, 62 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ

पौड़ी। जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत आज विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत कोटा में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान ग्रामीणों की 21 शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि 62 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य ने की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बहुउद्देशीय शिविर ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे उनके द्वार पर सुनने और त्वरित समाधान करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े तथा सभी सरकारी योजनाओं की जानकारी उन्हें सरल एवं सहज रूप में उपलब्ध हो सके।

उपजिलाधिकारी ने कहा कि जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से फील्ड में जाकर ग्रामीणों से संवाद करें और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करें।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई। समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, बाल विकास, उद्यान तथा खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें अपने ही क्षेत्र में सरकारी योजनाओं की जानकारी और समस्याओं का समाधान मिल रहा है।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी शिविर एवं अधिशासी अभियंता लोनिवि पौड़ी विवेक सेमवाल, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा, एडीओ पंचायत बनेश कुमार, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रेम प्रकाश, कृषि विभाग से सुभाष चौहान, उद्यान विभाग से ताजबर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *