प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चाकीसैंण में एक्स-रे मशीन का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
पौड़ी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चाकीसैंण में गुरुवार को एक्स-रे मशीन का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस सुविधा के शुरू होने से अब क्षेत्रवासियों को एक्स-रे जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों व बड़े चिकित्सा संस्थानों का रुख नहीं करना पड़ेगा। खासकर ग्रामीण मरीजों एवं बुजुर्गों के लिए यह सुविधा बड़ी राहत के रूप में सामने आई है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि एक्स-रे मशीन के संचालन से स्थानीय लोगों को गंभीर जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे मरीजों का समय और खर्च दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में लोगों को एक्स-रे एवं अन्य जांचों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, लेकिन जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर अब यह सुविधा सीधे चाकीसैंण में उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने यह भी बताया कि मशीन की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि मरीजों को सुरक्षित एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि सीएचसी चाकीसैंण में एक्स-रे मशीन की स्थापना राज्य सरकार की ग्रामीण स्वास्थ्य सुधार योजनाओं का हिस्सा है। इस पहल से क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुविधा, सुलभता और समय की बचत सुनिश्चित होगी।
एक्स-रे मशीन के शुभारंभ पर क्षेत्रीय जनता ने जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब गंभीर जांच के लिए लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
इस अवसर पर एसीएमओ डॉ. विनय कुमार त्यागी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक रविकांत उनियाल, एक्स-रे टेक्नीशियन सौरभ कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
