अनुसूचित जाति के छात्रों को सिविल सेवा की निःशुल्क कोचिंग, समाज कल्याण विभाग और गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीच एमओयू
पौड़ी। अनुसूचित जाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को सिविल सेवा परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग एवं हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह दुबड़िया ने बताया कि यह पहल अनुसूचित जाति वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को मुख्यधारा की प्रतियोगी परीक्षाओं से जोड़ने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि इस एमओयू के तहत डॉ. आंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के माध्यम से विद्यार्थियों को सिविल सर्विसेज की निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण कोचिंग प्रदान की जाएगी, जिससे पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राएं भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने कहा कि समाज कल्याण विभाग की भूमिका केवल छात्रवृत्ति तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल बनाने के लिए आवश्यक संसाधन एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना भी विभाग की प्राथमिकता है। विश्वविद्यालय के अनुभवी प्राध्यापकों के मार्गदर्शन में संचालित यह कोचिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा।
एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रकाश सिंह, कुलसचिव डॉ. राकेश डोडी, प्रो. एम. एम. सेमवाल, प्रो. मोहन सिंह पंवार सहित विश्वविद्यालय के अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
