पौड़ी

जन-जन के द्वार” शिविर से 163 लाभार्थी लाभान्वित, जयहरीखाल में 17 शिकायतों का त्वरित निस्तारण

पौड़ी। “जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद की सभी 115 न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को विकासखंड जयहरीखाल की न्याय पंचायत जयहरी स्थित विकासखंड सभागार में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने की। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं से कुल 163 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।

उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने शिविर में उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पूर्ण, स्पष्ट एवं व्यवहारिक जानकारी उपलब्ध कराते हुए उन्हें अधिकतम लाभ प्रदान किया जाए। शिविर में प्राप्त कुल 17 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। दर्ज शिकायतों में सड़क, पेयजल, विद्युत, खाद्य आपूर्ति, वन विभाग एवं स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित प्रकरण प्रमुख रहे।

उपजिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन-प्रशासन की सेवाओं को आमजन के द्वार तक पहुंचाना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सहज, पारदर्शी एवं त्वरित रूप से प्राप्त हो सके।

शिविर के नोडल अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी ने बताया कि शिविर में प्राप्त 17 शिकायतों में से अधिकांश का निस्तारण कर दिया गया है तथा शेष शिकायतों पर संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

शिविर में उद्यान, वन, स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, रेशम, खाद्य एवं पूर्ति, कृषि, समाज कल्याण, बाल विकास सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी गई। उद्यान विभाग द्वारा 22 लाभार्थियों, कृषि विभाग द्वारा 27 किसानों तथा पशुपालन विभाग द्वारा 60 पशुपालकों को विभिन्न योजनाओं एवं पशु-चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। आयुर्वेदिक विभाग ने 20 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा 31 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयां दी गईं। राजस्व विभाग ने मौके पर ही एक शिकायत का निस्तारण किया, वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा दो लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जयहरीखाल रणवीर सजवाण, ग्राम प्रधान जयहरी प्रगति रावत, ग्राम प्रधान बोंठा विनय कुकशाल, ग्राम प्रधान सारी तल्ली बिपिन गौड़, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग विवेक कुमार, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी लैंसडाउन लेफ्टिनेंट कर्नल (अ.प्रा.) वी.पी. भट्ट, खंड विकास अधिकारी जयहरीखाल रवि सैनी, खंड शिक्षा अधिकारी अमित चंद, मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज डॉ. अंशु भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *