ऋषिकेश की समाजसेवी सुशीला सेमवाल को मिला “देवी अहिल्याबाई होलकर” पुरस्कार 2025
देहरादून/ऋषिकेश। तीर्थनगरी निवासी प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता एवं सीता राम परिवार की प्रदेश अध्यक्ष सुशीला सेमवाल को राजधानी देहरादून में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में देश के प्रतिष्ठित “देवी अहिल्याबाई होलकर” पुरस्कार 2025 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाज सेवा, संस्कृति संवर्धन तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

बुधवार को देहरादून के बदरीपुरम में सोसाइटी ऑफ मिशन 4 जी प्लस (गौ, गंगा, गांव और गायत्री) रजि० के वार्षिकोत्सव-2025 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने देवी अहिल्याबाई होलकर के वंशज एडवोकेट पंकज होलकर की उपस्थिति में यह पुरस्कार प्रदान किया। इस दौरान सुशीला सेमवाल को देवी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप सेमवाल ने मंत्री सतपाल महाराज को अपने जीवन पर आधारित पुस्तक “रत्नप्रभा” भी भेंट की।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के गांधी कहे जाने वाले स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी की जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर याद किया गया। आयोजकों ने बताया कि यह पुरस्कार समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ी गिनी-चुनी प्रतिष्ठित महिलाओं को दिया जाता है, जिसमें इस वर्ष सुशीला सेमवाल का चयन किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सुशीला सेमवाल ने कहा कि इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को पाकर उन्हें अत्यंत खुशी हो रही है और उन्होंने इसके लिए आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, वन मंत्री सुबोध उनियाल, सीएमआई हॉस्पिटल के सर्जन डॉ. राकेश उनियाल, ममता पांगती, मधुसूदन राव होलकर, इरा कुकरेती, सुभाष चंद्र भट्ट, सरिता उनियाल, सुमित्रा पैन्यूली, सोनम सेमवाल, विकास पैन्यूली सहित देश-प्रदेश से आए सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
