पौड़ी में उत्तराखंड माल्टा महोत्सव का भव्य आयोजन, काश्तकारों को मिले विपणन व प्रोत्साहन के अवसर
पौड़ी। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय प्रेक्षागृह में उत्तराखंड माल्टा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पौड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजकुमार पोरी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए दीप प्रज्ज्वलन कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।

बुधवार को आयोजित इस महोत्सव के दौरान विधायक राजकुमार पोरी एवं मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने काश्तकारों द्वारा लगाई गई सिट्रस प्रजाति के विभिन्न उत्पादों की आकर्षक प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा काश्तकारों से संवाद कर उनके अनुभवों और समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में उत्पादित माल्टा एवं अन्य सिट्रस फल गुणवत्ता की दृष्टि से अत्यंत उत्कृष्ट हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे महोत्सव केवल उत्पादों की प्रदर्शनी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि काश्तकारों को सम्मान, प्रोत्साहन और बेहतर विपणन के अवसर प्रदान करने का सशक्त माध्यम भी हैं। सरकार का प्रयास है कि पहाड़ी उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाए, जिससे काश्तकारों की आय में वृद्धि हो और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ बने।
मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने कहा कि माल्टा महोत्सव जैसे आयोजन काश्तकारों को नवाचार, गुणवत्ता सुधार एवं व्यावसायिक कृषि के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि जनपद की भौगोलिक परिस्थितियां सिट्रस फसलों के लिए अनुकूल हैं और वैज्ञानिक तकनीक, उन्नत प्रबंधन तथा बेहतर विपणन के माध्यम से काश्तकारों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने सिट्रस उत्पादन को मजबूत करने के लिए प्रशिक्षण, फील्ड डेमोंस्ट्रेशन, ग्रेडिंग-पैकेजिंग और मूल्य संवर्धन पर विशेष जोर देने की बात कही।
जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी ने जानकारी दी कि महोत्सव में जनपद के काश्तकारों द्वारा सिट्रस फलों की कुल छह प्रजातियों की प्रदर्शनी लगाई गई। इनमें 104 काश्तकारों ने माल्टा, 33 ने नींबू, 19 ने गलगल तथा 29 काश्तकारों ने नारंगी की प्रदर्शनी में सहभागिता की। उन्होंने बताया कि यह पहला अवसर है जब माल्टा उत्पादक काश्तकारों को पहचान, विपणन एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार का महोत्सव आयोजित किया गया है, जिसे लेकर काश्तकारों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल, एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर तेजपाल सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में काश्तकार, उद्यान विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
