जननायक इन्द्रमणि बड़ोनी की 100वीं जयंती पौड़ी गढ़वाल में श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाई गई
पौड़ी। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता, जननायक एवं पर्वतीय संस्कृति के सशक्त संवाहक स्वर्गीय इन्द्रमणि बड़ोनी की 100वीं जयंती जनपद पौड़ी गढ़वाल में श्रद्धा, सम्मान एवं गौरव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर जिला कार्यालय सहित जनपद की समस्त तहसीलों, विकासखंड मुख्यालयों तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला कार्यालय परिसर में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वर्गीय इन्द्रमणि बड़ोनी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया तथा उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने कहा कि स्वर्गीय इन्द्रमणि बड़ोनी उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रमुख स्तंभ थे। उन्होंने पर्वतीय समाज की अस्मिता, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका संपूर्ण जीवन त्याग, सादगी और जनसेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और राज्य के समग्र विकास की दिशा में निरंतर कार्य करें।
इस कार्यक्रम में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अजीत सिंह रावत, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मनोज रावत, श्रीकृष्ण उनियाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
