पौड़ी

नन्दाखाल विद्यालय में कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत बालिकाओं को मिला मार्गदर्शन

पौड़ी। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत बालिकाओं के शैक्षिक सशक्तिकरण एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से विकासखंड कल्जीखाल के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नन्दाखाल में कैरियर काउंसलिंग एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को विभिन्न शैक्षिक एवं व्यावसायिक अवसरों की जानकारी प्रदान की गई तथा उन्हें लक्ष्य निर्धारण एवं करियर चयन के प्रति प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान दिवाई अनुसूया देवी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।

बाल विकास परियोजना अधिकारी, कल्जीखाल द्वारा छात्र-छात्राओं को कैरियर काउंसलिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला गया। वहीं वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासिका ने महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। इस दौरान पॉक्सो अधिनियम, घरेलू हिंसा अधिनियम एवं महिला हेल्पलाइन 181 के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत बालिकाओं को स्कूल बैग वितरित किए गए, जबकि विद्यालय में उपस्थित छात्रों को पेन एवं नोटबुक भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी कल्जीखाल सुषमा रावत, कनिष्ठ सहायक महाराज सिंह रावत, गोपाल कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां अरुणा, अंजू, सुनीता, पूर्णिमा, रीता सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन सुपरवाइजर सुनीता तोपवाल द्वारा किया गया।

— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *