हाईस्कूल कुमाल्डी में कालागढ़ नेचर फेस्टिवल का आयोजन, छात्रों को वन्यजीव संरक्षण का दिया गया संदेश
पौड़ी/रिखणीखाल। बृहस्पतिवार, 18 दिसम्बर 2025 को राजकीय हाईस्कूल कुमाल्डी, रिखणीखाल में राजे होमस्टे रथुवाढाब एवं वन विभाग अदनाला रेंज, रथुवाढाब के संयुक्त तत्वावधान में कालागढ़ नेचर फेस्टिवल का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता एवं प्रकृति संतुलन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा मानव एवं वन्यजीवों के बीच बढ़ते संघर्ष को मित्रता और सहअस्तित्व में कैसे बदला जा सकता है, इस विषय पर भी सारगर्भित चर्चा की गई।

इस अवसर पर अदनाला रेंज एवं कॉर्बेट नेशनल पार्क क्षेत्र में पाई जाने वाली सैकड़ों तितली प्रजातियों पर आधारित एक आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक बुकलेट का भी विमोचन किया गया, जो छात्रों एवं प्रकृति प्रेमियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी लैंसडौन श्री तरुण एस, उप प्रभागीय वनाधिकारी अदनाला रेंज शिप्रा वर्मा, उप प्रभागीय वनाधिकारी सोना नदी अनामिका बकरवाल, वन क्षेत्राधिकारी अदनाला रेंज हरेंद्र रावत सहित दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता एवं नोएडा से आए पक्षी प्रेमी अरुण, असित, ईशान, ऐरी, शशांक, माहिल आदि उपस्थित रहे।
साथ ही विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक होकर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
