पौड़ीयमकेश्वर

यमकेश्वर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 68 शिकायतें दर्ज

पौड़ी/यमकेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशासन गांव की ओर अभियान का शुभारंभ हो गया है। इसी क्रम में विकासखंड यमकेश्वर की न्याय पंचायत किमसार के गंगा भोगपुर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

प्रभारी जिलाधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एवं जानकारी प्रदान की गई। शिविर के दौरान कुल 68 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

प्रभारी जिलाधिकारी श्री गुणवंत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद के 15 विकासखंडों की 115 न्याय पंचायतों में 18 मार्च 2026 तक “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा रोस्टर तैयार कर लिया गया है तथा कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु नोडल अधिकारियों की नियुक्ति भी की जा चुकी है। भूमि संबंधी मामलों की अधिकता को देखते हुए उन्होंने राजस्व विभाग को शनिवार को विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में कारगर सिद्ध होंगे। उन्होंने अधिकारियों से शिविर में दर्ज सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

शिविर में राजस्व, पंचायती राज, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, कृषि, उद्यान, श्रम, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, विद्युत, वन, चिकित्सा, होम्योपैथिक, आयुर्वेदिक सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए। विभागों द्वारा योजनाओं एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर बाल विकास विभाग द्वारा 02 बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं 01 महिला का गोद भराई संस्कार संपन्न कराया गया। पूर्ति विभाग द्वारा 06 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 66 लोगों तथा आयुष विभाग द्वारा 60 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। राजस्व विभाग को जाति, आय, खतौनी सहित अन्य सेवाओं के लिए कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों द्वारा दर्जनों लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य बचन सिंह बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख यमकेश्वर सीता चौहान, ग्राम प्रधान किमसार बबीता देवी, उप जिलाधिकारी चतर सिंह चौहान, नोडल अधिकारी/अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला पंचायत भावना रावत, खंड विकास अधिकारी आकाश बेलवाल, तहसीलदार वैभव जोशी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *