दुगड्डा में उच्चस्तरीय अस्पताल की मांग, यूकेडी करेगा आंदोलन: डॉ. शक्तिशैल कपरवाण
दुगड्डा। वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की।
डॉ. कपरवाण ने कहा कि दुगड्डा एक ऐतिहासिक मंडी रहा है और कोटद्वार से पूर्व दुगड्डा ही प्रमुख मंडी के रूप में जाना जाता था। इसके साथ ही दुगड्डा स्वतंत्रता संग्राम का भी एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि इतने ऐतिहासिक और जनसंख्या की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र में अब तक उच्चस्तरीय अस्पताल की स्थापना न होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में दुगड्डा में केवल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित है, जहां चिकित्सकों एवं संपूर्ण स्टाफ का भारी अभाव है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र न होने के कारण क्षेत्र के हजारों लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में जाना पड़ता है।
डॉ. कपरवाण ने स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर भवन स्थिति पर भी सवाल उठाए और कहा कि भवन कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है, लेकिन सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री एवं मुख्यमंत्री को क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं की कोई चिंता नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दुगड्डा एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने के लिए उत्तराखंड क्रांति दल संघर्ष करेगा और इस मांग को लेकर आंदोलन भी किया जाएगा।
