पौड़ी

जंगली जानवरों के खतरे और परीक्षा तैयारी पर मंथन, जीआईसी किनसुर में एसएमसी–पीटीए की संयुक्त बैठक

द्वारीखाल। समग्र शिक्षा के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज किनसुर में स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) एवं अभिभावक–शिक्षक संघ (पीटीए) की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पहाड़ी क्षेत्रों में जंगली जानवरों के बढ़ते हमलों के मद्देनज़र बच्चों एवं अभिभावकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा आगामी प्री-बोर्ड, बोर्ड एवं वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी को लेकर अभिभावकों को जागरूक करना रहा।

बैठक में आसपास के गांव बागी, तैड़ी, पोगठा, हतनूड़, मैठाणा एवं उमन से आने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से अपील की गई कि बच्चों को विद्यालय आते-जाते समय समूह में भेजा जाए। क्षेत्र के पूर्व प्रधान दीपचंद शाह ने कहा कि जो बच्चे दूर-दराज क्षेत्रों से, विशेषकर घने जंगलों से होकर विद्यालय आते हैं, उनके अभिभावक बच्चों को कुछ दूरी तक छोड़ने एवं लेने की व्यवस्था करें।

पूर्व प्रधान दीपचंद शाह ने जंगली जानवरों के हमलों से बचाव एवं सतर्कता को लेकर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी अभिभावकों को दी तथा ग्राम पंचायत की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। उन्होंने क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर भी अपने विचार साझा किए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल सिंह ने अभिभावकों से समय-समय पर विद्यालय आकर बच्चों की पढ़ाई से संबंधित समस्याओं पर चर्चा करने तथा समाधान हेतु सुझाव देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के आपसी समन्वय से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।

बैठक में विद्यालय के शिक्षकों ने भी बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर सुरेश चन्द्र भट्ट, मलखान सिंह, ऋचा ध्यानी सहित अन्य शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *