2021 बैच की पीसीएस अधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने थलीसैंण एसडीएम का कार्यभार संभाला, बीरोंखाल का अतिरिक्त प्रभार
पौड़ी। 2021 बैच की पीसीएस अधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने थलीसैंण तहसील के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इसके साथ ही उन्हें बीरोंखाल तहसील का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। दोनों तहसीलें भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण होने के साथ ग्रामीण आबादी प्रधान क्षेत्र हैं।

कृष्णा त्रिपाठी मूल रूप से मल्ला सालम, जैंती (अल्मोड़ा) की निवासी हैं। उनका जन्म एवं प्रारंभिक पालन-पोषण नैनीताल में हुआ। उन्होंने सेंट जोसेफ कॉलेज, नैनीताल से विद्यालयी शिक्षा प्राप्त की तथा दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि हासिल की।
अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान उन्होंने जनपद पौड़ी एवं रुद्रप्रयाग में जिला प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त केदारनाथ यात्रा–2025 के दौरान वे यात्रा मजिस्ट्रेट के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन कर चुकी हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने विजय दिवस के अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात तहसील एवं ब्लॉक कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। आयोजित तहसील दिवस में उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया तथा शेष मामलों में संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में राजस्व, सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान तथा प्रशासन को जन-अनुकूल एवं संवेदनशील बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने हेतु समन्वित एवं सक्रिय रूप से कार्य किया जाए।
— सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, पौड़ी गढ़वाल
